
उत्तराखंड राज्य में जल्द ही कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिलेगा। बता दे कि नवंबर का महीना आधा बीतने के बाद भी सर्दी में सामान्य तापमान बना हुआ है।
कुमाऊं के मैदानी इलाकों में दिन और रात का तापमान सामान्य के करीब है। हल्द्वानी, बनबसा, खटीमा, टनकपुर में न्यूनतम तापमान 16 से 18 सेल्सियस के बीच है और पंतनगर में 11 डिग्री पर पहुंच रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो सशक्त पश्चिमी विक्षोभ के बाद पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों पर मध्यम से भारी बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी हालांकि अगले सप्ताह मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की संभावना नहीं है। सामान्य सर्दी के लिए नवंबर अंत का इंतजार भी करना पड़ सकता है। बता दे कि कुमाऊं के मैदानी इलाकों में नवंबर का न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री पहुंचने लगता है और 20 नवंबर के बाद पारे में तेजी से कमी आती है लेकिन इस बार 10 डिग्री से नीचे पारा नहीं उतरा है। बीते बुधवार को सबसे कम 11 डिग्री सेल्सियस तापमान पंतनगर में रिकॉर्ड किया गया था।

