Uttarakhand- शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से की मुलाकात…… चार सूत्रीय मांगों को लेकर कही यह बात

उत्तराखंड राज्य में शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की और कहा कि शिक्षक संगठनों के साथ पूर्व में जो वार्ता हुई थी उसके दौरान लिए गए निर्णय के अनुसार प्रधानाचार्य के रिक्त पदों को पहले पदोन्नति से भरा जाएगा। प्रधानाध्यापकों की पदोन्नति के बाद जो पद रिक्त रह जाएंगे उन पर सीधी भर्ती की जाएगी। विधानसभा सभागार में बीते शुक्रवार को शिक्षा मंत्री के साथ राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। प्रांतीय महामंत्री सोहन सिंह माजिला ने 4 मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की। राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय व जिला पदाधिकारियों ने मांग रखी कि प्रधानाध्यापक से प्रधानाचार्य के पदों पर पहले पदोन्नति की जाए उसके बाद सीधी भर्ती का विचार किया जाए जिसमें एलटी को भी शामिल किया जाए और एलटी से प्रवक्ता के पदों पर न्यायालय वाद का समाधान ना होने की दशा में विधिक राय लेकर तदर्थ पदोन्नति की जाए। इसके अलावा दुर्गम से सुगम में स्थानांतरण के लिए 10% की सीमा को हटाते हुए शिक्षकों को अधिक लाभ देते हुए स्थानांतरित किया जाए। इन मांगों पर शिक्षा मंत्री द्वारा समाधान का आश्वासन दिया गया है और उन्होंने त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया।