Uttarakhand- भारी बारिश के कारण कोटद्वार में उफान पर आई खोह नदी……. क्षतिग्रस्त हुआ पुल

उत्तराखंड राज्य में बीते समय से लगातार बारिश का दौर जारी है और कोटद्वार में भारी बारिश के कारण खोह नदी उफान पर आई जिसके कारण सिद्ध बली मंदिर की ओर जाने वाला पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है। पुल के पिलर की बुनियाद खोखली हो चुकी है और यदि फिर एक बार नदी उफान पर आई तो पुल का धराशाही होना तय माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2017 से 2021 के मध्य कोटद्वार में चैनेलाइजेशन के नाम पर हुए अवैध खनन के दौरान खोह नदी में बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए और नियमों को ताक में रखते हुए इस खनन का खामियाजा नदी से लगे गाड़ीघाट, काशीरामपुर, क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है। खनन कार्यों ने सिद्ध बली मंदिर की ओर जाने वाले पुल के नीचे भी खनन गतिविधियों को अंजाम दिया तथा पिलर खोखले हो चुके हैं और वर्षा के दौरान खोह नदी के तेज बहाव से पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है। नदी का तेज बहाव नदी के मध्य हिस्से में मौजूद एक पिलर को नुकसान पहुंचा रहा है। यदि आने वाले दिनों में फिर एक बार नदी उफान पर आई तो पुल धराशाही हो सकता है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह के अनुसार क्षेत्र में सिद्ध बली मंदिर की ओर जाने वाले पुल के साथ ही अन्य पुलों पर भी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं और वैकल्पिक उपाय के रूप में नदी की दिशा को बदलकर पिलर को बचाया जाएगा।