
राजधानी दिल्ली में चल रहे जी-20 सम्मेलन का प्रभाव उत्तराखंड की चार धाम यात्रा पर भी पड़ रहा है। बता दे कि बस सेवा से लेकर हेली सेवा तक चार धाम यात्रा पर इसका प्रभाव देखा जा रहा है। नई दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को होने वाली जी-20 देशों की समिट की सुरक्षा की दृष्टि से चार धाम यात्रा की हेली सेवा प्रभावित रहेगी। केंद्र सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार उत्तराखंड राज्य में गुरुवार 7 सितंबर से 11 सितंबर तक चार धाम की हेली सेवा स्थगित कर दी गई है और यात्रियों को सड़क मार्ग से ही परिवहन करना होगा और केदारनाथ में पैदल मार्ग का प्रयोग करना होगा।
जानकारी के मुताबिक हेली सेवा को 12 सितंबर से पुनः बहाल कर दिया जाएगा। वही डीआईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल के अनुसार नई दिल्ली में चल रहे सम्मेलन के दृष्टिगत उत्तराखंड के लिए भी दिशा निर्देश प्राप्त हुए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से हेली सेवाओं को चार दिन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है और सभी हेली सेवा कंपनियों को इस मामले में सूचित कर दिया गया है तथा तीर्थ यात्रियों से भी अपील की गई है कि वह सड़क मार्ग का इस्तेमाल करते हुए चार धाम यात्रा करें और 12 सितंबर को सम्मेलन समाप्त होने के बाद फिर से चार धाम यात्रा के लिए हेली सेवाएं बहाल कर दी जाएगी।

