Uttarakhand -: भारी बारिश से तबाही, मलबा गिरने से यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे बंद

देहरादून| रातभर मूसलाधार बारिश के चलते उत्तरकाशी के बड़कोट में यमुनोत्री घाटी में यमुना नदी और नाले उफान पर हैं| यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह मलबा, बोल्डर और दलदल होने से आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है| यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू बैंड और गंगनानी के पास मलबा व पत्थर आने के कारण मार्ग बाधित है| जिसके बाद उत्तरकाशी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों सहित बड़ी संख्या में यात्री फंसे हुए हैं| वाहन मलबे में फंसे हुए हैं| जिससे यात्री परेशान है| एनएच बड़कोट के द्वारा मार्ग खोलने का प्रयास जारी है|


वहीं, पुरोला इलाके में आधी रात से मूसलाधार बारिश हो रही है| छाड़ा खड में बादल फटने की आशंका है|
उत्तरकाशी प्रशासन के अनुसार, छटांगा समेत कई जगहों पर यमुनोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गया है| स्थिति का जायजा लेने के लिए एक तहसीलदार को भेजा गया है| उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारियों के मुताबिक, बड़कोट क्षेत्र में गंगनानी के पास भारी बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी मलबा और पत्थर आ गए हैं| बारिश के कारण कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में जलभराव हो गया| स्कूली बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा| राहत कार्य के लिए राज्य आपदा मोचन बल और अग्निशमन विभाग की एक-एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया|
वहीं, चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के पास बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी मलबा गिरने के कारण 3 स्थानों पर अवरुद्ध हो गया|जानकारी के मुताबिक, इस घटना के कारण बड़ी संख्या में यात्री राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों और घंटो तक फंसे रहे|
आज सुबह चमोली पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदप्रयाग, बेलाकुची और पागलनाला में मलबा आने के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध है| मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों में देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल में अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है|