
उत्तराखंड राज्य में सर्दियां शुरू होने के साथ ही तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहे हैं और इस बदलते मौसम में यदि कोई लापरवाही बरते तो इसका असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है क्योंकि मौसम का बदलता मिजाज तबीयत खराब कर सकता है। प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा शुष्क मौसम के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 18 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहने की संभावना जताई गई है और इस मौसम के चलते सर्दी तथा फ्लू का प्रकोप बढ़ सकता है। क्योंकि यह मौसम बिल्कुल भी स्वास्थ्य के अनुकूल नहीं है इसलिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि उत्तराखंड राज्य के देहरादून में बीते शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 27.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस से अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में प्रदेश का न्यूनतम तापमान कुछ क्षेत्रों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हालांकि इस बीच अधिकतम तापमान स्थिर रहने के आसार है। इस मौसम में सर्दी, जुकाम आदि का प्रकोप बढ़ने से शरीर में तापमान की एकरूपता बनाने के लिए गर्म कपड़े और खाने-पीने का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।
