
उत्तराखंड राज्य में बीते गुरुवार से मौसम ने करवट बदल ली है और आज शुक्रवार की सुबह बारिश के साथ- साथ तेज हवाओं ने लोगों के सामने काफी परेशानियां खड़ी कर दी है। तेज हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गुरुवार की रात से राज्य में बारिश का दौर जारी रहा और इससे दोबारा ठंड वापस लौट आई है। देहरादून और मसूरी में गुरुवार की रात को जोरदार बारिश हुई और मसूरी में इस दौरान ओलावृष्टि भी हुई। वही राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आज शुक्रवार को बारिश के साथ- साथ तेज हवाएं भी चली। बागेश्वर और अल्मोड़ा समेत राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार की सुबह से ही वर्षा हो रही है और मौसम जनवरी जैसा हो चुका है। इस दौरान किसानों की खड़ी फसलों को भी नुकसान होने की संभावना है और वही आकाशीय बिजली गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति चरमरा गई है। जानकारी के मुताबिक राज्य में ऐसा मौसम आगामी 2 अप्रैल तक बना रहेगा और इससे ठंड में इजाफा होने की संभावना है। वर्षा के कारण जौ और गेहूं के दाने काले पड़ गए हैं।
