
उत्तराखंड राज्य में राज्य आंदोलनकारियों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों के संकल्प व सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से कार्य करने का भाव भी सभी को जगाना होगा तथा प्रदेश को आंदोलनकारियों के सहयोग से सवारने का काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में बड़ी संख्या में आए राज्य आंदोलनकारियों से मुलाकात के दौरान यह बातें कहीं। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने 10% आरक्षण एवं महिलाओं को 30% आरक्षण फिर से बहाल करने पर आभार प्रकट किया और राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को उनके द्वारा सौपा गया। इस ज्ञापन पर मुख्यमंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया है कि वह शीघ्रता से कार्यवाही करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि राज्य निर्माण आंदोलन के समय के वह भी साक्षी रहे है। खटीमा के जन आंदोलन को उन्होंने स्वयं देखा है और वह मसूरी, रामपुर तिराहा के शहीद स्थलों पर जाकर बलिदानों को नमन करते है। मुख्यमंत्री का कहना था कि सरकार युवाओं के लिए समर्पित है और भर्ती परीक्षाओं में धांधली करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही की गई है और 90 से अधिक व्यक्तियों को धांधली के मामले में जेल में डाला गया है तथा प्रदेश में सबसे बड़ा नकल रोधी कानून लागू किया गया है।
