
सचिवालय में उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल तथा ऑनलाइन द्वितीय अपील शिकायत व हाइब्रिड सुनवाई की शुरुआत कर दी गई है और उनका कहना है कि इससे आम जनता को काफी लाभ मिलेगा। बता दें कि आमजन की मदद के लिए और सुनवाई में आने – जाने के समय की बचत के लिए इस पोर्टल की शुरुआत की गई है।
सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते सोमवार को कार्यक्रम के दौरान कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम से आमजन को शासन व प्रशासन से संबंधित व्यक्तिगत अथवा समुदायिक कठिनाइयों का निराकरण करने में आसानी होती है और इसका सर्वाधिक लाभ पर्वतीय क्षेत्र के दूरस्थ निवासियों को प्राप्त होगा तथा आवेदन एवं प्रथम अपील ऑनलाइन रूप से करने की सुविधा भी इसमें प्राप्त होगी और इसके साथ ही द्वितीय अपील में भी अपने स्थान से ही शामिल होने की अनुमति होगी। इन सुविधाओं का सर्वाधिक लाभ आम जन द्वारा उठाया जाएगा। बता दें कि ऑनलाइन आरटीआई पोर्टल में सभी विभागों के लोक सूचना अधिकारियों तथा प्रथम अपीलीय अधिकारियों की आईडी तैयार करते हुए संबंधित अधिकारियों को पोर्टल पर किए जाने वाले कार्यों का आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

