
उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमुनोत्री धाम में पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन खोल दिए गए हैं और ऐसे में दोनों तीर्थो में कपाट खुलने के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जो कि यमुनोत्री धाम में पहुंचे हैं। इससे पूर्व अविभाज्य उत्तर प्रदेश के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह यमुनोत्री धाम में पहुंचे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहली बार धाम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों का कहना था कि उनकी स्थिति में अब सुधार आएगा। यमुनोत्री में सुरक्षा कारणों एवं भौगोलिक स्थिति के चलते अभी तक कोई भी मुख्यमंत्री धाम में नहीं पहुंच पाए लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जो मां यमुना मंदिर के कपाट खुलने के समय पर धाम में पहुंचे है। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व तीर्थ पुरोहितों में भी खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर यमुनोत्री में गरुड़ गंगा के समीप बने हेलीपैड पर उतरा और उसके बाद 500 मीटर पैदल यात्रा करके वह मंदिर पहुंचे जिससे स्थानीय लोगों में भी खुशी दिखी।
