
देहरादून| धामी सरकार प्रदेश में पुराने और जर्जर हो चुके पुलों को बदलेगी और उनकी जगह अधिक क्षमता वाले पुलों का निर्माण किया जाएगा| लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश में ऐसे 436 पुराने पुल चिन्हित कर लिए हैं| इनमें से अधिकांश पुल राज्य के पर्वतीय जिलों में है| इनमें सबसे अधिक 207 पुल स्टेट हाईवे पर है|
बताते चलें कि राज्य मार्गों पर बने यह पुल या तो पुराने या जर्जर हो चुके हैं या फिर वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते यह उनका लोड पहने के योग्य नहीं है|
बी श्रेणी के इन पुलों को चिन्हित करने के निर्देश प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने दिए थे| मिली जानकारी के अनुसार पुलों को चिन्हित कर लिया गया है|
सूत्रों की माने तो उन पुलों को सबसे पहले बदला जाएगा, जो सबसे अधिक प्रयोग में लाए जा रहे हैं और जिन पर वाहनों की आवाजाही का अधिक दबाव है| यह भी देखा जाएगा कि इनमें से कितने पुल सामरिक और पर्यटन व यात्रा के महत्व से जुड़े हैं|
