
उत्तराखंड राज्य में परिवहन निगम के सभी कर्मचारी आगामी 20 अप्रैल 2023 को एकदिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। बता दें कि राष्ट्रीयकृत और परिवहन निगम के लिए आरक्षित मार्गो पर निजी बसों के संचालन की सरकार की तैयारी के विरोध में कर्मचारी हड़ताल करेंगे और उस दिन प्रदेशभर में सभी बसों का संचालन ठप रहेगा। प्रबंध निदेशक को संयुक्त मोर्चा की ओर से भेजे गए हड़ताल संबंधी पत्र में देहरादून, हल्द्वानी, टनकपुर बस अड्डे पर सरकार के विरुद्ध धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई है। संयुक्त मोर्चा की बैठक देहरादून आईएसबीटी में बीते गुरुवार को हुई और इस दौरान पदाधिकारियों ने सरकार तथा परिवहन निगम प्रबंधन पर कर्मचारियों से छल करने का आरोप लगाया। संयुक्त मोर्चा ने कुछ मांगे की है जो इस प्रकार हैं:- राष्ट्रीयकृत 14 मार्गों पर निजी बसों के संचालन की अधिसूचना को निरस्त कर दिया जाए, संविदा व विशेष श्रेणी के चालक तथा परिचालकों एवं बाह्य स्रोत के तकनीकी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति या मृत्यु होने पर ग्रेच्युटी मद से दो लाख रुपए का भुगतान का आदेश जारी किया जाए, और हर माह संविदा तथा विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को वेतन अवकाश दिया जाए, मृतक आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर निगम में नियुक्ति दी जाए। इस तरह से संयुक्त मोर्चा ने कई मांगे की हैं और यदि यह मांगे पूरी नहीं हुई तो आगामी 20 अप्रैल 2023 को परिवहन निगम के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।

