
उत्तराखंड राज्य के पर्वतीय जिलों में फायर सीजन से पहले ही आग धधकनी शुरू हो गई है। सर्दी के मौसम में भी जंगल जल रहे हैं गर्मियों में जलने वाले जंगल शीतकाल में ही आग से धधकने लगे हैं।
बीते शनिवार की रात भर बाराकोट ब्लॉक के ग्राम सभा गल्लागांव के कालाकोट तोक के जंगल जलते रहे। जाड़ों में जंगल की भीषण आग को देखकर स्थानीय लोग आश्चर्यचकित रह गए और इस दौरान अमूल्य वन संपदा भी राख हो गई। बता दे कि कालाकोट के जंगल में देवदार, बांज, बुरांश काफी मात्रा में पाया जाता है लेकिन आग के कारण यह अमूल्य संपदा भी जल रही है और जंगली जानवर भी आग भड़कने के बाद खुद को बचाने के लिए रिहायशी इलाकों की तरफ आ गए जिससे लोगों में भय का माहौल है। कालाकोट के ग्रामीण संदीप कुमार ,आनंद राम, हिमांशु कुमार, महेंद्र कुमार के अनुसार जंगल में रात से ही आग लग रही थी और रविवार की सुबह ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाई काफी मेहनत करने के बाद आग पर काबू पाया गया है।

