Uttarakhand- नकली दस्तावेजों के जरिए आरआईएमसी में लिए प्रवेश……. मुकदमा दर्ज

उत्तराखंड राज्य के देहरादून से नकली दस्तावेजों के जरिए राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज में प्रवेश लेने का मामला सामने आ रहा है। बता दें कि 2 छात्रों ने राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज में नकली दस्तावेजों के आधार पर प्रवेश लिया। जिसके कारण पुलिस ने दोनों छात्रों के स्वजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह दोनों मध्य प्रदेश के ग्वालियर और भिंड जनपद के रहने वाले हैं और इन दोनों ने यहां पर आठवीं कक्षा में दाखिला लिया था।इस मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल आरआईएमसी अभिषेक राणा द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई है। जब पुलिस ने इसमें जांच की तो छात्रों की उम्र भी अधिक थी तथा सर्टिफिकेट से लेकर उनके नाम और अन्य दस्तावेज भी फर्जी निकले।

पुलिस के मुताबिक मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी पप्पू तोमर ने बेटे प्रथम तोमर को आरआईएमसी में 10 जून 2022 को आठवीं कक्षा में प्रवेश दिलाया। जांच के दौरान पता चला कि बेटे के सभी दस्तावेज नकली थे। इस दौरान यह भी पता चला कि 14 मार्च 2020 को इसी छात्र ने अनुराग सिंह तोमर के नाम से आवेदन किया था जिसमें उसकी जन्मतिथि 26 सितंबर 2008 बताई गई थी। वही दूसरे मामले में युवराज सिंह निवासी गोहद जिला भिंड मध्य प्रदेश ने अपने बेटे प्रताप सिंह को 20 सितंबर 2022 के दिन आरआईएमसी में आठवीं कक्षा में भर्ती करवाया। इस छात्र के भी सभी दस्तावेज फर्जी निकले। जिसके बाद कैंट पुलिस ने इन दोनों के परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।