
दीपावली के त्यौहार पर सभी लोग अपने घरों को मालाओं से सजाते है और दीपावली में बिजली के महत्व को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा निगम ने रोस्टिंग कर 24 घंटे बिजली देने का दावा भी किया था। मगर हल्द्वानी में 80000 घरों की बिजली दिवाली से पहले ही उड़ गई। बता दें कि बनभूलपुरा में बंदरों ने बिजली के तारों को हिला दिया और निगम कर्मी बिजली के झूलते हुए तारों को ठीक नहीं कर पाए। जिस कारण 80000 घरों की बिजली उड़ गई। इससे बनभूलपुरा में 7 घंटे बिजली गुल रही। यही नहीं बल्कि बिजली गुल होने से व्यापारियों को भी काफी नुकसान हुआ। क्योंकि रविवार को दीपावली को लेकर बाजार में काफी चहल-पहल रही और लोग खरीदारी करने के लिए बाजार में गए मगर उन्हें गर्मी का सामना करना पड़ा और इससे व्यापारियों को काफी नुकसान पहुंचा। बंदरों ने विद्युत तारों को हिला दिया जिससे तार आपस में टकराए और फॉल्ट हो गया। हालांकि 7 घंटे बाद ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को तार ठीक करने में सफलता मिली। इस दौरान ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप भी लगाया गया।

