Uttarakhand -:अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा मार्गों पर नजर रखेंगे 170 ड्रोन, प्रशिक्षण शुरू

देहरादून| अगले माह 3 मई से शुरू होने वाली चार धाम यात्रा को सुरक्षित और निरापद बनाने के लिए सरकार ने पूरी तैयारियां कर ली है| इसी क्रम में चारधाम यात्रा मार्गो पर 170 ड्रोन से नजर रखी जाएगी| यह अलग-अलग स्थानों पर बनने वाले यात्री सुविधा केंद्रों के आसपास तैनात रहेंगे| इसके माध्यम से न सिर्फ यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी बल्कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में भी इनका प्रयोग किया जाएगा| कोरोना संक्रमण के कारण वर्ष 2020 और 2021 में चार धाम यात्रा प्रतिबंधों के साए में अल्पावधि में संचालित हुई इस दौरान सीमित संख्या में यात्रियों को कोविड-19 जांच की निगेटिव रिपोर्ट पर ही यात्रा की अनुमति दी गई लेकिन अब कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर स्थिति नियंत्रण में है| सरकार ने कोरोना के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों को हटा दिया है, अब केवल कोविड-19 समयक व्यवहार यानी मास्क के उपयोग और सुरक्षित शारीरिक दूरी पर जोर दिया जा रहा है| जिसके बाद इस वर्ष बड़ी संख्या में यात्रियों के चार धाम यात्रा पर आने की उम्मीद है| इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चारधाम यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले होटलों में एडवांस बुकिंग जोरों पर है| इसके अलावा केदारनाथ हेली सेवा के लिए भी 20 दिन की अग्रिम बुकिंग फुल हो चुकी है| जिसके बाद सरकार इस बार सुरक्षित व सुगम चारधाम यात्रा पर जोर दे रही है| जिसके लिए सरकार ने यात्रा मार्गों पर ड्रोन तैनात किए हैं| इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट एजेंसी ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है| और ड्रोन पायलटों को प्रशिक्षण देना प्रारंभ कर दिया है| प्रदेश में इस समय पर्वतीय मैदान जिलों में 170 पंजीकृत ड्रोन पायलट है| जिनके पास ड्रोन भी हैं| इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट एजेंसी इन्हें चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था और आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित कर रहा है| जिससे यात्रा पर लगने वाले जाम से सही कारणों की जानकारी मिल सकेगी और यातायात सुगम किया जा सकेगा|