टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने बनाया नया राष्ट्रीय कीर्तिमान

नई दिल्ली| टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंककर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने अब एक नया कारनामा कर दिखाया है| नीरज ने फिनलैंड में पावो नुरमी गेम्स में मंगलवार को अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया| चोपड़ा ने खेल के दौरान यहां 89.30 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो का प्रदर्शन किया| इसके साथ उन्होंने अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार कर रजत पदक जीता| इससे पहले नीरज ने टोक्यो ओलंपिक के दौरान 87.58 मीटर का थ्रो कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था| इस थ्रो के दम पर ही उन्होंने टोक्यो में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था|
बताते चलें कि टोक्यो ओलंपिक में खेलने के बाद यह जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा का पहला टूर्नामेंट है| इस दौरान नीरज चोपड़ा का सामना दिग्गज जेवलिन थ्रोअर्स से होना था|
यह नीरज का 10 महीने के बाद पहला टूर्नामेंट था और उन्होंने दूसरे प्रयास में 89.30 का थ्रो किया जो कि अब उनका निजी सर्वश्रेष्ठ थ्रो बन गया है| उन्होंने पहले प्रयास में 86.92 मीटर थ्रो किया था| नीरज के तीसरे, चौथे और पांचवें प्रयास अमान्य रहे| नीरज ने अपने आखिरी प्रयास में 85.85 मीटर के थ्रो के साथ समापन किया| नीरज ने भले ही अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा लेकिन वह फिनलैंड के ओलिवियर हेंलाडेर से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे| जिससे उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा है| हेलांडेर ने 89.93 मीटर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया| नीरज चोपड़ा ने इससे पहले 88.07 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड पिछले साल मार्च में पटियाला में बनाया था| उन्होंने 7 अगस्त 2021 को 87.58 मीटर के थ्रो के साथ टोक्यो ओलंपिक का स्वर्ण पदक जीता था|