उत्तराखंड के देहरादून में खुला समय जमा करने वाला बैंक, यहां पैसे नहीं समय होता है जमा…… पढ़ें पूरी खबर

अब तक आप सिर्फ ऐसे बैंकों को जानते होंगे जो पैसे जमा करते हैं यानी जहां पैसों का लेन-देन होता है, लेकिन अब आप एक नए बैंक के बारे में जानेंगे| जिसमें समय को जमा किया जाता है और जरूरत पड़ने पर उसे निकाला भी जाता है|


बता दें यह अनूठा बैंक उत्तराखंड के देहरादून में खुला है| इस बैंक में आप निशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं| इसमें पैसों का कोई लेन-देन नहीं होता है|
यह कवायद निरोगी भारत मिशन ने की है| जिसका कार्यालय कोलागढ़ के पास दून में स्थित है| यहां कोई भी व्यक्ति अपना पंजीकरण करा सकता है या मोबाइल नंबर 9997213642 पर संपर्क कर सकता है| इस मिशन के अधिकारी इन व्यक्तियों का सत्यापन करते हैं और उन्हें टाइम बैंक से जोड़ देते हैं| जिसके बाद टाइम बैंक का मकसद शुरू होता है|
बता दें, यह मिशन एकाकी जीवन जी रहे बुजुर्गों के लिए हैं|
दरअसल बुजुर्गों को स्वास्थ्य समेत अन्य जरूरी कामों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है| कई बार बुजुर्गों तक किसी भी माध्यम से मदद नहीं पहुंच पाती है| जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है| उम्र के इस पड़ाव पर इन बुजुर्गों को सहारा मिले और कोई उन्हें अपना समय देकर उनकी जिंदगी में खुशियों के रंग भर सके, इसी उद्देश्य के साथ इस टाइम बैंक की शुरुआत की गई है|
अब आपके मन में सवाल उठ रहा होगा कि यह काम कैसे करता है?
मिल रही जानकारी के मुताबिक, यह योजना अभी सिर्फ देहरादून में शुरू की गई है| सैकड़ों लोग इस मुहिम से जुड़ रहे हैं| जो खाताधारक टाइम बैंक में अपना समय जमा करेगा उन्हें इन एकाकी जीवन जी रहे बुजुर्गों की सेवा में लगाया जाएगा| फिर जब खाताधारकों को खुद के लिए या परिवार के लिए किसी के समय की जरूरत पड़ेगी तो मिशन उनकी मदद के लिए दूसरे खाताधारकों को पहुंचाएगा| यह चेन इसी तरह से चलती रहेगी और लोग एक दूसरे की मदद कर सकेंगे|
साफ तौर पर यह कहा जा सकता है कि टाइम बैंक समय की मांग है| जो लोग अपने बेहतर भविष्य के लिए विदेशों या दूसरे शहरों में चले गए हैं और उनके बुजुर्ग माता-पिता अकेले पड़ जाते हैं, उनका जीवन नीरस हो जाता है, इस मुहिम के तहत ऐसे बुजुर्गों को नया जीवन मिलेगा|