
देहरादून| पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है|
उन्होंने विधानसभा में बतौर भर्ती प्रकरण को लेकर कहा कि जिन लोगों ने गलत नियुक्तियां पाई, उन्हें सरकार ने बाहर का रास्ता दिखा दिया, लेकिन जिन लोगों ने गलत नियुक्तियां दी उन पर कब कार्रवाई होगी|
सीधी तौर पर पूर्व स्पीकर प्रेमचंद्र अग्रवाल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह धामी मंत्रिमंडल में अब तक कैसे बने हुए हैं|
अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि विधानसभा में हुई भर्तियों को मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने अवैध माना है| ऐसे में अवैध कृत्य करने वाले को तो दंडित किया जाता है| जिन लोगों ने अवैध नियुक्तियां की है उनके विषय में मुख्यमंत्री का क्या कहना है|
आगे उन्होंने कहा कि वह प्रेमचंद अग्रवाल का नाम नहीं लेना चाहते थे, लेकिन क्या अब उनका कैबिनेट में बना रहना औचित्यपूर्ण है| जब सरकार ने खुद ही इन भर्तियों को अवैध माना है, तो फिर अवैध नियुक्ति कराने वाला मंत्रिमंडल में कैसे हैं|
