इस साल तीलू रौतेली पुरस्कार के तहत मिलेगी बढ़ी हुई राशि, पढ़ें पूरी खबर

देहरादून| राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार तीलू रौतेली के तहत इस वर्ष बढ़ी हुई राशि प्रदान की जाएगी| विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी| राज्य स्तरीय पुरस्कार 8 अगस्त को प्रदान किए जाएंगे|
बताते चलें कि प्रदेश सरकार हर वर्ष 8 अगस्त वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिन के अवसर पर प्रत्येक जिले में एक-एक महिला को तीलू रौतेली पुरस्कार प्रदान करती है| अब तक पुरस्कार के तहत 31 हजार की राशि प्रदान की जाती थी| गत वर्ष सीएम धामी ने पुरस्कार राशि बढ़ाकर 51 हजार करने की घोषणा की है| लेकिन, इसका अब तक शासनादेश नहीं हो पाया है| इसी क्रम में इस साल के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के सामने पुरस्कार राशि बढ़ाने का प्रस्ताव फिर रखा| रेखा आर्य ने कहा कि सीएम ने इस पर सहमति जताते हुए अधिकारियों को जल्द शासनादेश जारी करने को कहा है|
रेखा आर्य के अनुसार, पिछले 2 साल चयन में कोविड काल की सेवाओं को भी आका गया था, लेकिन अब चयन पुराने मानकों पर उल्लेखनीय सेवाओं पर दिया जाएगा| इसके साथ ही प्रत्येक जिले से 2-2 आगनबाड़ी वर्कर को भी विभागीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा| आवेदन प्रक्रिया इसी सप्ताह शुरू कर दी जाएगी|