देश के श्रेष्ठ पर्यटन गांव में उत्तराखंड से इस गांव का चयन, 27 को मिलेगा सम्मान

देहरादून| जल्द ही उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के सरमोली गांव को देश का श्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया जाएगा| पर्यटन मंत्रालय ने श्रेष्ठ पर्यटन गांव प्रतियोगिता में सरमोली गांव का चयन किया है| 27 सितंबर को इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा हो जाएगी, साथ ही गांव को श्रेष्ठ पर्यटन गांव का पुरस्कार दिया जाएगा|
पर्यटन मंत्रालय ने ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए श्रेष्ठ पर्यटन गांव प्रतियोगिता शुरू की है| जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी के समीप सरमोली गांव का चयन किया गया है|


बता दें मंत्रालय की केंद्रीय नोडल एजेंसी ने ग्रामीण पर्यटन और ग्रामीण होम स्टे के माध्यम से प्रतियोगिता आयोजित की| जिसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 795 गांव के आवेदन मिले| पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गांव स्तर पर किए गए बेहतर कार्यों पर सरमोली गांव को श्रेष्ठ पर्यटन गांव के रूप में चयनित किया गया है| 27 सितंबर को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी|
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन विभाग और गांव के एक प्रतिनिधि को भी भेजने का आग्रह किया गया है|


दरअसल, पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी के समीप सरमोली गांव अपनी समृद्धि संस्कृति और नैसर्गिक सुंदरता को समेटे हुए हैं| पर्यावरण संरक्षण के साथ गांव के लोगों ने ग्रामीण पर्यटन को स्वरोजगार बनाया है| पर्यटक इको टूरिज्म और साहसिक पर्यटन के लिए सरमोली आते हैं| यहां से हिमालय, नंदा देवी, पंचाचुली, नंदा कोट चोटियों का दृश्य, राजरंभा का दृश्य आकर्षण का केंद्र है| यहां होमस्टे पर्यटकों की पहली पसंद है|