
नई दिल्ली| 15 जून 2020 को पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीन से संघर्ष में शहीद बिहार के नायक दीपक सिंह की 23 साल की पत्नी रेखा देवी ने भी अपने पति की राह पर चलने का फैसला लिया है|
रीवा (मध्य प्रदेश) की रहने वाली रेखा देवी ने सेना में शामिल होने के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा पास कर ली है| वह सेना में अधिकारी के रूप में सेवाएं देगी| उनके पति शहीद दीपक सिंह बिहार रेजीमेंट की सोलवीं बटालियन के नायक थे| वह गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के खदेड़ने के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे| नवंबर में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया था| दीपक सिंह की पत्नी रेखा देवी ने यह सम्मान ग्रहण किया था| वीर चक्र देश का तीसरा सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है|
रेखा ने सेवा चयन बोर्ड की परीक्षा पास कर ली है| एक सैन्य अधिकारी के अनुसार इलाहाबाद में 5 दिन चले साक्षात्कार के बाद उनका चयन किया गया| अब उन्हें चेन्नई में सेवा से पूर्व प्रशिक्षण दिया जाएगा|
बताते चलें कि शहीद सैन्य जवानों व अधिकारियों की पत्नियों को सेना में भर्ती होने के लिए यूपीएससी द्वारा कराई जाने वाली सम्मानित रक्षा सेवा परीक्षा सीडीएस में शामिल होने से छूट दी जाती है| यह पास करने के बाद ही एसएसबी इंटरव्यू की पात्रता प्राप्त होती है| शहीदों की पत्नियों का आयु सीमा में छूट मिलती है|
