
नई दिल्ली| राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने मधुमेह समेत विभिन्न बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 15 दवाओं के खुदरा मूल्यों की सीमा तय कर दी है| दवा कंपनियों को इनके अनुसार नए खुदरा मूल्य तय करने होंगे| प्राधिकरण ने अपने आदेश में कहा है एसोसिएटेड बायोटेक और डेल्स लैब द्वारा बनाई जाने वाली मेटफार्मिन के साथ टेनेलिगि्लप्टिन टैबलेट की कीमत 14.30 रुपये से घटकर 7.14 रुपए प्रति गोली तय की गई है| इसी तरह डैपाग्लिफ्लोजिन के साथ मेटफार्मिन हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट का खुदरा मूल्य 9.30 की जगह 10.7 रुपये प्रति गोली तय किया गया है| ये दोनों दवाएं मधुमेह रोगियों को दी जाती है| इसके अलावा ह्यूमन नॉर्मल इम्यूनोग्लोबुलीन, मेड्रोक्सीप्रोजेस्टेरोन एसीटेट आदि दवाओं के भी खुदरा मूल्य तय किए गए हैं| इनकी कंपनियां जल्द सूची जारी करेगी|

