
चंपावत। पूरे उत्तराखंड राज्य में बारिश के कारण जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। बता दें कि राज्य के चंपावत जिले में बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि तुरंत डीएम को अधिकारियों के साथ बैठक करनी पड़ी। बता दें कि जिले में बीते 2 दिन से लगातार वर्षा हो रही है जिससे चंपावत टनकपुर हाईवे पर धौन और स्वाला के बीच लगातार मलबा आने के कारण एनएच बंद हो गया तथा दोपहर तक स्वाला के पास लगभग 20 मीटर सड़क का हिस्सा ही गायब हो गया जिसके बाद राह में फंसे हुए यात्री वाहनों को वापस चंपावत और टनकपुर की ओर भेज दिया गया। बता दें कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ दरक रहे हैं और मलबा सड़क पर आ रहा है इसी दौरान चंपावत- टनकपुर हाईवे पर आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर मलबा गिरा और स्वाला के पास तो 20 मीटर सड़क ही गायब हो गई।
जिले में लाइफ लाइन बंद होने तथा 20 ग्रामीण सड़कों के अवरुद्ध होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई जिसके बाद जल्द से जल्द डीएम द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाकर जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। बता दें कि एनएच के अधिकारियों द्वारा सड़क का जायजा लिया गया और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि मलबा हटाने का काम तेजी से किया जाए। भारी बारिश के कारण जिले की 14 ग्रामीण सड़कें भी बंद हो गई हैं।जिसके बाद जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी द्वारा सभी लोगों से अपील करते हुए कहा गया कि वर्षा के दौरान सभी अनावश्यक यात्रा करने से बचें और यदि किसी को जरूरी काम हो तो मैदानी क्षेत्रों तक जाने के लिए देवीधुरा मार्ग से जाएं।

