तेंदुए का आतंक -:भोजनमाता को बनाया निवाला, धड़ से अलग कर दिया सिर, शव बरामद

जंगल में चारा लेने गई महिला को तेंदुए ने मार डाला| मामला उत्तराखंड के चंपावत वन प्रभाग की बूम रेंज का है| जहां रविवार सुबह जंगल में चारा लेने गई महिला को तेंदुए ने अपना निवाला बनाया| महिला गांव के ही सरकारी स्कूल में भोजन माता थी| तेंदुए ने महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया था| वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर उपजिला अस्पताल भेज दिया है|


जानकारी के मुताबिक, सुखीढांग क्षेत्र के धूरा गजार गांव निवासी 39 वर्षीय चंद्रावती पत्नी प्रकाश चंद्र शर्मा गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब 2 किलोमीटर दूर पूर्वी छीनी अपार्टमेंट एक के जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थी| सुबह करीब 10:30 बजे चारा काटने के दौरान तेंदुए ने चंद्रावती पर हमला कर दिया| तेंदुआ महिला को करीब 100 मीटर दूर तक घसीटकर ले गया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया| चंद्रावती पर तेंदुए का हमला होते ही साथ में गई दो महिलाओं ने भाग कर अपनी जान बचाई| जब गांव के अन्य लोगों को पता चला तो उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी को इसकी सूचना दी|
वन क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल टनकपुर भेजा जा रहा है|