अल्मोड़ा की तीन हजार से अधिक महिलाओं को टी बोर्ड ने दिया रोजगार

अल्मोड़ा जिले में टी बोर्ड ने महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए है| जिले में 6 विकासखंडों में चाय बागान स्थापित करके तीन हजार से ज्यादा महिलाओं के हाथों को काम दिया है|


महिलाओं ने चाय बागान के विस्तारीकरण के साथ ही स्थापित बागानों से चाय की पत्तियों का दोहन कर 1 साल में 67 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की है|
बताते चलें कि अल्मोड़ा के ताकुला, चौखुटिया, स्याल्दे, हवालबाग, भैंसियाछाना, धौलादेवी ब्लॉक में टी बोर्ड के सहयोग से 6 चाय बागान स्थापित किए गए हैं| 141.79 हेक्टेयर भूमि पर स्थापित इन बागानों से चाय का उत्पादन हो रहा है| इस कार्य में 3 हजार महिलाओं को सीधे तौर पर रोजगार मिला है| मनरेगा के तहत 3,000 से अधिक महिलाएं चाय बागान से जुड़कर रोजगार से जुड़ी है| वित्तीय वर्ष 2022-23 में इन महिलाओं ने बागानों का विस्तार और चाय की पत्तियों का दोहन करके 67 लाख 63 हजार की कमाई की हैं| यह महिलाएं अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार की राह दिखा रही है| अल्मोड़ा की चाय विदेशों में भी महक बिखेर रही है| यहां पैदा होने वाली ऑर्थोडॉक्स और ग्रीन टी विदेशों में भी खूब बिकती है|

इसको देखते हुए चाय बागानों का लगातार विस्तार किया जा रहा है| दूसरी तरफ इससे क्षेत्र में लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं|