
हाल ही में देश के 3 राज्यों में चुनाव देखने को मिले हैं और तीनों के परिणाम भी आ गए हैं। बता दें कि इन चुनावो के दौरान दिल्ली में आम आदमी पार्टी, गुजरात में भाजपा और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने बाजी मारी है। हिमाचल के नादौन से चौथी बार विधायक बने सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे जो कि आज मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके अलावा नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री को पहली बार प्रदेश में उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। कांग्रेस में काफी लंबे समय तक यह बात चलती रही कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा तथा अंत में पार्टी हाईकमान ने निर्णय लिया है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू को नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। हालांकि हिमाचल में प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के लिए उनके समर्थकों ने नारेबाजी भी की थी मगर पार्टी हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री पद सौंपने का निर्णय लिया है। हिमाचल के नए मुख्यमंत्री के रूप में आज रविवार की दोपहर 1:30 बजे रिज मैदान पर सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी। शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रशासन ने तैयारियां कर ली है।
