जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जानेंगे विद्यार्थी, डायट ने तैयार की पुस्तक

बागेश्वर जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित पुस्तक तैयार हुई है| देश को आजाद कराने में बागेश्वर जिले का अहम योगदान रहा है| स्वतंत्रता संग्राम में जिले के कई सेनानियों ने भागीदारी की थी| अब इसकी जानकारी नई पीढ़ी को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए डायट ने पुस्तक तैयार की है|


इस पुस्तक की प्रतियों को विद्यालयों में बांटा जाएगा|
जिले के भ्रमण पर आए कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने बीते दिवस तहसील सभागार में पुस्तक का विमोचन किया| उन्होंने इस पुस्तक को आजादी के आंदोलन की जानकारी का अहम शोध बताया और कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तक से जिले के गौरवशाली इतिहास की जानकारी मिलेगी|
बता दें ‘भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में बागेश्वर का योगदान’ नामक पुस्तक में जिले के 124 सेनानियों की जीवनी को संकलित किया गया है| पुस्तक के संपादक और डायट प्रवक्ता रवि कुमार जोशी के अनुसार, पुस्तक में जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, साहस और बलिदान की अमरगाथा को पिरोया गया है| छात्रों की उपयोगिता को देखते हुए पुस्तक में जिले के इतिहास, भूगोल, अर्थजगत, संस्कृति, कला, साहित्य और तीज-त्योहारों को भी स्थान दिया गया है|
कहा, पुस्तक की रचना और प्रकाशन में डायट के प्राचार्य और सभी प्रवक्ताओं ने सहयोग और योगदान दिया है|