ग्रामीण इलाकों में किए जाएंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी की निगरानी में 65 फीसदी ग्राम पंचायतें

देहरादून के ग्रामीण इलाके भी शहरी से कदमताल कर रहे हैं| विकास योजनाओं के लाभ दिलाने के साथ ही अब ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं| जिले की ग्राम पंचायत को हाईटेक कर सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जा रहा है| सीसीटीवी से गांव में होने वाली आपराधिक गतिविधियों, सरकारी संपत्तियों पर भी नजर रखी जाएगी|


जानकारी के मुताबिक, शासन ने ग्राम पंचायत में सुरक्षा की दृष्टि से निगरानी तंत्र विकसित किए जाने का काम शुरू किया है| रायपुर, डोईवाला, चकराता व सहसपुर विकासखंड की 174 ग्राम पंचायत में से 117 को यानी करीब 65 फीसदी ग्राम पंचायत को सीसीटीवी कैमरा से लैस किया जा चुका है| शेष ग्राम पंचायत में कैमरे लगाने का कार्य चल रहा है|

सीसीटीवी कैमरे को खासकर मुख्य चौराहों, बाजार, मार्ग, स्कूल आदि सार्वजनिक स्थानों पर लगाया गया है| इसके लिए ग्राम प्रधानों की निगरानी में बाकायदा कंट्रोल रूप स्थापित किए गए हैं| कोई भी घटना होने पर कंट्रोल रूम से आसानी से वीडियो फुटेज हासिल की जा सकती है|