उत्तराखंड में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों से पहले आयोजित होंगे राज्य खेल, दिए गए निर्देश

उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों से पहले राज्य खेल आयोजित किए जाएंगे| इसका निर्णय सचिवालय में हुई बैठक के दौरान किया गया|


इस दौरान मुख्य सचिव एसएस संधु ने कहा कि खेलों के आयोजन को देखते हुए राज्य में पर्यटन सुविधाएं भी विकसित की जाए ताकि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिले| राष्ट्रीय खेलों में देशभर से आने वाले प्रतिभागियों में प्रदेश की अच्छी छवि जानी चाहिए| ओलंपिक की तर्ज पर राष्ट्रीय खेल की मशाल को प्रदेश के सभी प्रमुख आयोजन और पर्यटन शहरों में घुमाया जाएगा| राष्ट्रीय खेलों से पहले लॉन्च इवेंट भी आयोजित किए जाएंगे| जिसमें राज्य के परंपरागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे| इस पर आने वाले खर्च को राज्य सरकार वहन करेगी| इससे कलाकारों को काम मिलेगा और प्रदेश की संस्कृति का प्रचार-प्रसार किया जाएगा|
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के लिए सभी कार्यों की तिथियां तय कर ली जाएं| इसके लिए बजट की कमी नहीं होनी चाहिए| उपकरणों की खरीद, विशेषकर जो विदेशों से आयात होते हैं, का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं| इसके अलावा सीएम ने पौड़ी की हाई एल्टीट्यूड रांची स्टेडियम को भी राष्ट्रीय खेलों से जोड़ने के लिए कहा| उन्होंने खेलों के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी तैयार करने के लिए कहा है|
खेल निदेशक जितेंद्र सोनकर के अनुसार, अगले साल प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों से पहले इस साल राज्य खेल होंगे| राष्ट्रीय खेल अगले साल अक्टूबर व नवंबर में प्रस्तावित है| इन खेलों से पूर्व जनवरी में लॉन्च इवेंट कार्यक्रम होंगे|