नए सॉफ्टवेयर से जुड़ा एसएसजे विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय, मिलेगी यह सुविधा

अल्मोड़ा| सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में अंबा दत्त पंत केंद्रीय पुस्तकालय की ओर से एवियर टेक्नोलॉजी, कोलकाता के सहयोग से कोहा लाइब्रेरी ऑटोमेशन सॉफ्टवेयर विषय पर इंटरेक्टिव कार्यशाला आयोजित की गई|


मुख्य अतिथि अधिष्ठता प्रशासन प्रोफ़ेसर प्रवीण सिंह बिष्ट ने कहा कि सूचना और तकनीक का लाभ सभी विद्यार्थियों को लेना चाहिए| कोहा सॉफ्टवेयर से पुस्तकालय में सुविधाएं बढ़ेगी|


इस दौरान उप पुस्तकालय अध्यक्ष और आयोजक सचिव डॉ विभाष कुमार मिश्रा ने कहा कि पुस्तकालय को विश्वविद्यालय का ह्रदय माना जाता है| आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस पुस्तकालय का लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा| उन्होंने बताया कि पहले एक कंपनी की सेवा पुस्तकालय में मिल रही थी लेकिन अब कोहा सॉफ्टवेयर के प्रयोग से शिक्षण व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाया जा सकता है|
कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि इस सॉफ्टवेयर से हम शीघ्रता के साथ ही पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की स्थिति भी जान लेते हैं| विद्यार्थी सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर कहीं से भी पुस्तकों की जानकारी ले सकते हैं|
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजीव आर्य ने किया|