
देहरादून| द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत चोटी में हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से उत्तरकाशी के लोंथरु गांव की निवासी पर्वतारोही सविता कंसवाल की निम हादसे में मौत हो गई है| सविता ने इसी वर्ष मई माह में 15 दिनों के अंदर एवरेस्ट और माउंट मकालू पर्वत सफल आरोहण कर नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया था|
मंगलवार सुबह द्रौपदी का डांडा चोटी में निम के एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स में गए प्रशिक्षकों में शामिल पर्वतारोही सविता की एवलांच में दबने से मौत हो गई| सविता ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के एडवांस और सर्च एंड रेस्क्यू फोर्स के साथ पर्वतारोहण प्रशिक्षण का कोर्स किया था| इसी वर्ष 12 मई को सविता ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8840 मीटर) पर तिरंगा फहराया था| इसके 15 दिन बाद माउंट मकालू (8463 मीटर) पर सफल आरोहण किया था|
निम के प्रधानाचार्य अमित बिष्ट ने हादसे में एवरेस्ट विजेता सविता कंसवाल की मौत की पुष्टि की| सविता ने बेहद कम समय में पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपना नाम बनाया था|
