
टमाटर इतना महंगा हो गया है कि अब इसकी चोरी की घटनाएं भी सामने आने लगी है| टमाटर की चोरी का यह मामला कर्नाटक के बेंगलुरु से सामने आया है| जहां बदमाशों ने टमाटर से भरी गाड़ी चुरा ली| बदमाशों ने इतनी चालाकी से चोरी कि इस घटना को अंजाम दिया कि किसान और गाड़ी के ड्राइवर को भनक तक नहीं लगी| पुलिस ने इस मामले में तमिलनाडु के दंपति को गिरफ्तार किया है|
मिल रही जानकारी के मुताबिक, घटना बेंगलुरु के एपीएससी यार्ड पुलिस थाना क्षेत्र का है| चित्रदुर्ग जिले के हिरियुर से एक किसान शनिवार मध्य रात्रि के करीब लाखों रुपए के टमाटर बोलेरो गाड़ी में भरकर कोलार मार्केट ले जा रहा था| मार्केट जाते समय बोलेरो गाड़ी रोड पर एक अन्य कार से टकरा गई| टक्कर में कार का शीशा टूट गया| इस पर कार सवार लोगों और बोलेरो में बैठे ड्राइवर और किसान का झगड़ा हो गया| कार सवार दोनों से नुकसान के बदले 10,000 रुपये की मांग कर रहे थे|
मामले में पुलिस का कहना है कि कार सवार ने जबरन बोलेरो के ड्राइवर और किसान को गाड़ी से उतार दिया और टमाटर लदी गाड़ी लेकर फरार हो गए| इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की|
शिकायत करते हुए कहा गया कि गाड़ी में 210 कैरेट टमाटर भरे हुए थे| जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये थी| शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली| पुलिस ने आईपीसी की धारा 379 (चोरी) और 390 (डकैती) की धाराओं में मामला दर्ज कर दिया है|
छानबीन के बाद पुलिस ने टमाटर चोरी मामले में तमिलनाडु के एक दंपति को गिरफ्तार किया है| पुलिस का कहना है कि बोलेरो में रहने वाले यह दंपति हाईवे पर लूट करने वाले गिरोह के सदस्य हैं| टमाटर चोरी के वक्त भी दंपति ने सोची-समझी रणनीति के तहत पहले अपनी गाड़ी किसान की गाड़ी से टकराई और फिर नुकसान के पैसों की मांग करते हुए झगड़ा किया और इस दौरान टमाटर लदी गाड़ी को लेकर फरार हो गए|

