इस योजना के विरोध में उत्तराखंड में 10 दिन पदयात्रा करेंगे राहुल गांधी, पढ़ें पूरी खबर

देहरादून| कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तराखंड में प्रस्तावित स्वाभिमान न्याय यात्रा में भाग लेंगे| बता दें, पार्टी की यह यात्रा अग्निवीर योजना के विरोध को केंद्र में रखकर निकाली जाएगी, जो राज्य में 50 से 60 दिन तक चलेगी| इस दौरान राहुल गांधी इस यात्रा में 10 दिन भाग लेंगे|
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के अनुसार, आश्चर्य की बात है कि आज 1 साल से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद उत्तराखंड भाजपा को अचानक अग्निवीर योजना याद आई और उसे अपने नेताओं से अग्निवीर के बचाव में प्रेसवार्ता तक करवानी पड़ी|


उन्होंने कहा पिछले सवा साल से अग्निवीर योजना ने प्रदेश के युवाओं का एक सैनिक बनने का सपना तोड़ दिया है| उनके साथ अग्निवीर के नाम पर छलावा किया जा रहा है| राहुल गांधी इस योजना का विरोध करने उत्तराखंड आ रहे हैं| यह खबर सुनते ही भाजपा पूरी तरह से घबरा गई है|
बता दें, कांग्रेस पहले दिन से इस योजना का विरोध कर रही है| पार्टी का मानना है कि अग्निवीर योजना युवाओं के साथ ही नहीं देश के साथ भी धोखा है| देश की सुरक्षा और संप्रभुता के साथ खिलवाड़ है| कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आने पर इस योजना को समाप्त करने का काम करेगी और सेना के पुराने स्वरूप को लौटाएगी|
माहरा ने कहा, यात्रा में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे| शीघ्र ही यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा| उन्होंने कहा यात्रा कुमाऊं से लेकर गढ़वाल और जौनसार क्षेत्र में निकाली जाएगी|