
देहरादून। उत्तराखंड राज्य को मोस्ट फेमस फ्रेंडली स्टेट पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बता दें कि यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से उत्तराखंड को 68 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के अंतर्गत दिया गया है और इस कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ था। यह काफी गर्व का विषय है कि उत्तराखंड को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बता दें कि उत्तराखंड राज्य की ओर से यह पुरस्कार महा निदेशक सूचना एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद बंशीधर तिवारी द्वारा प्राप्त किया गया है। इस पुरस्कार को प्राप्त करते हुए उनका कहना था कि पुरस्कार प्राप्त करने के बाद प्रदेश में आगे जाकर फिल्मों की शूटिंग को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
राज्य में फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं और राज्य में फिल्म निर्माता निर्देशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाया गया है जिसके परिणाम स्वरूप आज उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्होंने साथ में यह भी कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा फिल्म निधि को और अधिक आकर्षक बनाने का प्रयास किया जा रहा है तथा आकर्षक के साथ-साथ इसे व्यवहारिक भी बनाया जा रहा है। बता दें कि अब राज्य में शूटिंग के लिए किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। नई फिल्म नीति में 1.5 करोड़ रुपए तक अनुदान की व्यवस्था है। तथा शूटिंग अवधि के दौरान पुलिस सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सप्ताह में एक शो अनिवार्य रूप से स्थानीय सिनेमाघरों में क्षेत्रीय फिल्मों का दिखाया जाएगा।
