
उत्तराखंड राज्य में कई ऐसे युवा है जो देश- विदेशों में उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। बता दें कि खेल के क्षेत्र में भी उत्तराखंड के युवाओं ने विदेशों में उत्तराखंड और देश का नाम रोशन किया है। वही अब उत्तराखंड के बॉबी सिंह धामी को भारतीय जूनियर हॉकी टीम में उप कप्तान बनाया गया है। बॉबी धामी मूल रूप से पिथौरागढ़ के ग्राम कत्यानी के निवासी हैं। बॉबी सिंह धामी ने हॉकी की बारीकियां टनकपुर में अपने मामा एवं हॉकी कोच प्रकाश सिंह के साथ रहते हुए सीखी। बचपन से ही वे काफी मेहनती रहे हैं और उन्हें अब भारतीय जूनियर हॉकी टीम का उप कप्तान बनाया गया है।
बॉबी एक सामान्य परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन कर रहे हैं यह ना सिर्फ उनके लिए बल्कि पूरे राज्य के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि हैं। उनके बारे में बताते हुए उनके हॉकी कोच वरुण बेलवाल तथा वर्तमान में उप क्रीड़ा अधिकारी उधम सिंह नगर का कहना है कि बॉबी धामी काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं तथा जून 2022 में वे लुसाने स्विजरलैंड में आयोजित हॉकी मैच के दौरान भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। साथ में उन्होंने बताया कि बॉबी धामी वर्ष 2017 से साईं ट्रेनिंग सेंटर सोनीपत चले गए जहां उन्हें वरुण बेलवाल द्वारा गहन प्रशिक्षण दिया गया और उनके भारतीय हॉकी टीम के कप्तान बनने पर उत्तराखंड के सभी खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। बॉबी की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के कई खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है।
