गौरवान्वित -: उत्तराखंड का एक और सितारा अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमका, वॉक रेस में ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई

देहरादून| रविवार को जापान में आयोजित एशियन वॉक रेस चैंपियनशिप में चमोली जनपद के परमजीत सिंह बिष्ट ने 9वां स्थान प्राप्त किया है| उन्होंने एक घंटा 20 मिनट और 6 सेकेंड के साथ पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई किया है|


परमजीत सिंह बिष्ट मंडल घाटी के खल्ला गांव निवासी है| मौजूदा समय में परमजीत खेल कोटे से भारतीय सेवा नेवी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं|


मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को जापान में आयोजित हुई एशियन वॉक रेस ओलंपिक में परमजीत सिंह ने 9वां स्थान प्राप्त किया है| इस प्रदर्शन से उन्होंने जनपद और राज्य का नाम रोशन किया है|


बताते चलें कि मनीष रावत के बाद परमजीत जनपद का दूसरा खिलाड़ी है जो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई हुआ है| मनीष ने 2016 में रियो में आयोजित ओलंपिक में प्रतिभाग किया था|
परमजीत की इस उपलब्धि पर पूरा प्रदेश उन्हें बधाई दे रहा है| इससे पूर्व उत्तराखंड के चमोली जिले की एथलीट बेटी मानसी नेगी ने तमिलनाडु में हुई 82 वीं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1 घंटा 40 मिनट से 20 किमी वॉक रेस में गोल्ड मेडल हासिल किया था| उत्तराखंड के युवा अपने हुनर से आए दिन नई-नई उपलब्धियां हासिल करके प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं|