
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणी की है और इस विवादित टिप्पणी के चलते आज भाजपा पूरे देश में विरोध प्रदर्शन कर रही है और उत्तराखंड में भी लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। जगह- जगह पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के पुतले फुके जा रहे हैं। उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिलावल भुट्टो के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह बयान पूरे देश का अपमान है और उन्होंने यह भी कहा है कि वह बिलावल भुट्टो जैसे लोगों का नाम भी वह लेना नहीं चाहते हैं क्योंकि यह परिवारवाद और वंशवाद के पोषित लोगों में से रहे हैं। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व के लोकप्रिय नेता है और इस प्रकार का बयान हमारे देश के लोगों का अपमान है। इस बयान से पाकिस्तान की पस्ता हालत, खोखली अर्थव्यवस्था और जिस प्रकार पाकिस्तान बर्बादी की कगार पर पहुंच गया है उससे ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। उत्तराखंड में जगह-जगह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिलावल भुट्टो का पुतला फूंका है तथा देहरादून और हल्द्वानी में भी भाजपा महानगर और भाजयुमो की ओर से प्रदर्शन किया गया।

