
आज उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में अलग-अलग जगहों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है| राजधानी देहरादून में पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिरकत करेंगी| वहीं ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आयोजित राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे|
आज राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री धामी सबसे पहले देहरादून स्थित कचहरी परिसर पर शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे| इसके बाद पुलिस लाइन में राज्य स्थापना दिवस पर रैतिक परेड में शामिल होंगे| गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे|
पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शिरकत करेंगी| इसके चलते यातायात पुलिस ने शहर में रूट डायवर्ट का प्लान जारी कर दिया है| शहर में सुबह 5:00 से रात 11:00 बजे तक भारी वाहनों को एंट्री नहीं दी जाएगी| देहरादून पुलिस ने अपील की है कि सभी वाहन चालक गुरुवार को इस मार्ग का प्रयोग कम से कम करें| असुविधा से बचने के लिए लिंक मार्गों का प्रयोग किया जा सकता है, साथ ही दोपहिया वाहनों का प्रयोग कर सकते हैं|
