
देहरादून| लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन जनसभाएं हो सकती हैं| वैसे तो भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व को पांचो लोकसभा क्षेत्रों में पीएम की जनसभाएं करने के लिए समय मांगा है|
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, अभी रैलियों का स्थान और समय तय नहीं हुआ है| लेकिन संगठन की ओर से पांचो लोकसभा क्षेत्र में जनसभा का प्रस्ताव है|
मिल रही जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री की तीन जनसभाएं फरवरी आखिर तक हो सकती है| इसके अलावा एक दर्जन जनसभाओं का अलग से रोडमैप तैयार हो रहा है| यह जनसभाएं केंद्रीय नेताओं की होंगी| इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेताओं के नाम शामिल है|
इन जनसभाओं के लिए भी पार्टी स्थान और समय केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद तय करेगी| लोकसभा चुनाव को लेकर हुई पार्टी दिग्गजों की बैठक में पार्टी के प्रमुख केंद्रीय व प्रांतीय नेताओं के प्रवास कार्यक्रमों की रणनीति बनी थी| इस दौरान लोकसभा चुनाव से पूर्व और आचार संहिता लागू होने से पहले अधिक से अधिक प्रमुख नेताओं की जनसभाएं और संपर्क अभियान की योजना बनाई गई है|
