
फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ जो धर्मांतरण और लव जिहाद पर बनी है, को उत्तराखंड में भी टैक्स फ्री किया जा सकता है|
बता दें इस फिल्म को मध्य प्रदेश सरकार के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी टैक्स फ्री कर दी है| इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की तारीफ की और लोगों से इस फिल्म को देखने की अपील की है|
दरअसल, द केरला स्टोरी फिल्म रिलीज होने के बाद से इस पर सियासत गरमा गई है| भाजपा शासित राज्य जहां फिल्म के समर्थन में खड़े हैं, वहीं गैर भाजपा शासित राज्यों में फिल्म का विरोध चल रहा है| पश्चिमी बंगाल सरकार ने इस फिल्म के प्रसारण पर ही रोक लगा दी है| वहीं, उत्तराखंड सरकार ने इस फिल्म को हाथों-हाथ लिया है|
प्रेस वार्ता के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने फिल्म को वर्तमान परिस्थितियों के लिए शानदार बताया और कहा कि यह एक ऐसी फिल्म है जिसमें यह दिखाया गया है कि बिना गोली बम और हथियारों के आतंकवाद को बढ़ाया जा रहा है| यह केवल एक राज्य की बात नहीं है, पूरे देश और विश्व के अंदर जो हो रहा है उसी पर बनी पटकथा है| मैं अपने सहयोगियों के साथ इस फिल्म को देखने जा रहा हूं| सीएम के तौर पर मैं सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि इस फिल्म को अवश्य देखें|
बता दें सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी फिल्म को टैक्स फ्री करने की संभावना जताई थी| अब उम्मीद है कि मुख्यमंत्री धामी भी फिल्म को टैक्स फ्री घोषित कर सकते हैं|
