समाज कल्याण विभाग के छात्रवृत्ति घोटाले में अब ईडी की कार्रवाई, 5.62 करोड़ की संपत्ति अटैच

देहरादून| एसआईटी के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी समाज कल्याण विभाग के अरबों रुपए के एसटी/एससी छात्रवृत्ति घोटाले में सक्रिय रुप से कार्यवाही करने लगा है|
1 माह के भीतर ईडी की देहरादून शाखा ने मामले में दूसरे कार्यवाही करते हुए रुड़की में सेठ बिमल प्रसाद जैन एजुकेशन ट्रस्ट की 5.62 करोड़ की संपत्ति अटैच कर दी| इससे पूर्व मार्च माह के अंत में ईडी रुड़की में टेकवर्ड वली ग्राम उद्योग विकास संस्थान की 1.45 करोड़ की संपत्ति अटैच कर चुका है|


जानकारी मिली है कि सेठ बिमल प्रसाद जैन एजुकेशन ट्रस्ट रुड़की में फोनिक्स ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन का संचालन करता है| अभी तक की जान में यह पाया गया है कि इस संस्थान ने वर्ष 2011-12 से 2014-15 में समाज कल्याण विभाग से एससी/ एसटी छात्रों के नाम पर धोखाधड़ी कर बड़ी राशि की छात्रवृत्ति प्राप्त की| छात्रों की ओर से झूठे वादे प्रस्तुत करके यह खेल किया गया| बड़ी धनराशि की छात्रवृत्ति प्राप्त कर उसे कॉलेज ट्रस्ट के बैंक खातों समेत अन्य खातों में जमा कराया गया और बाद में उसकी नगद निकासी कर ट्रस्ट के खर्चों व अन्य मदों में प्रयोग किया गया| अब इसी आधार पर ट्रस्ट की 5.62 करोड़ की संपत्ति के रूप में भवन व भूखंड को अटैच कर दिया गया है| अब जल्द ही ईडी कार्यवाही का दायरा बढ़ा सकता है|


बता दें कि हरिद्वार वह देहरादून में समाज कल्याण विभाग के छात्रवृत्ति घोटाले में एसआईटी अब तक 30 से अधिक मुकदमे दर्ज करके 60 से अधिक कॉलेज संचालकों, समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों, कार्मिकों की गिरफ्तारी कर चुकी है| साथ ही 40 से अधिक आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है|