
देहरादून| अब बैलेस्टिक जांच के परिणामों में लंबा समय नहीं लगेगा| इसके लिए मोहाली की एक कंपनी ने बैलेस्टिक जांच के लिए एक ऐसा उपकरण तैयार किया है जो महज 30 सेकंड में ही सटीक परिणाम दे देगा| इससे यह पता चल जाएगा कि गोली किस हथियार से चली है| बुलेट रिकवरी बॉक्स नाम के इस उपकरण को कंपनी ने ऑल इंडिया पुलिस साइंस कांग्रेस में लॉन्च किया|
दरअसल, गोली चलने की घटनाओं के बाद पुलिस मौके पर खाली खोखे और हथियार (बंदूक, पिस्तौल आदि) बरामद करती है| इसके बाद इस बात की जांच की जाती है की गोली किस संबंधित हथियार से ही चली या फिर किसी और से| कई बार मौके से हथियार बरामद न होने के कारण दूसरे संदिग्ध हथियारों को भी अपराधियों की निशानदेही पर बरामद किया जाता है| इनकी भी जांच की जाती है| फॉरेंसिक लैब में होने वाली इस जांच को बैलिस्टिक जांच कहते हैं| हथियारों के बैरल (नली) में एक विशेष निशान (विज्ञान की भाषा में सिग्नेचर कहा जाता है) होता है, जो हर एक हथियार में अलग होता है| जब गोली चलती है तो यह निशान गोली पर आ जाता है| इसी निशान को खोजने के लिए फिर से फोरेंसिक लैब में संबंधित हथियार से फायर किया जाता है| इसके बाद यह देखा जाता है कि क्या यह वही निशान है जो घटनास्थल पर मिली गोली पर हैं|
हत्याओं के मामले में शरीर से गोली निकालकर भी इसे फॉरेंसिक लैब में भेजा जाता है| इससे पुष्टि हो जाती है की गोली इस हथियार से चली या किसी और से|
अभी तक यह टेस्ट रूई से भरे बॉक्स में फायर कर किए जाते हैं| इसमें गोली ढूंढने में भी घंटे का वक्त लगता है| साथ ही रुई की रेशों के कारण गोली पर निशान भी ठीक से नहीं आ पाते| ऐसे में सटीक परिणाम के लिए बार-बार फायर किए जाते हैं, लेकिन नया बुलेट रिकवरी बॉक्स पानी से भरा होगा| इसमें गोली के वेग को कम करने के लिए विशेष उपकरण भी लगे हुए हैं| इससे महज 30 सेकंड में ही गोली खुद ब खुद बाहर आ जाएगी और सटीक परिणाम मिल जाएंगे| यह उपकरण प्रायोरिटी सॉल्यूशन मोहाली में विकसित किया गया है|
बता दें, पूरे देश में फॉरेंसिक साइंस लैब में रुई आधारित बुलेट रिकवरी बॉक्स का इस्तेमाल होता है| पानी से भरे इस उपकरण को बनाने वाली भारत की यह अकेली कंपनी है| कई देशों में इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन उनकी कंपनी का यह बॉक्स उनसे भी एडवांस है|
