
उत्तराखंडी मंडुवा, झंगोरा, बाजरा समेत अन्य उत्पादों से बने पहाड़ी व्यंजन अब स्थानीय फ्लाइटों में परोसे जाएंगे| इसके लिए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के प्रस्ताव पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सहमति दे दी है| साथ ही उन्होंने पहाड़ी व्यंजनों की सूची भी मांगी है|
बताते चलें कि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात की| इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड से आने-जाने वाली फ्लाइटों में यात्रियों को राज्य के व्यंजन परोसने और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के मुद्दे पर चर्चा की| उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मंडुवा, झंगोरा समेत अन्य उत्पादों से कई तरह के व्यंजन तैयार होते हैं| इनमें न्यूट्रिशन की मात्रा अधिक होती है| साथ ही उत्तराखंड से कनेक्ट फ्लाइटों में यात्रियों को इन व्यंजनों को परोसने से एक पहचान मिलेगी| इसके साथ ही मार्केटिंग की सुविधा भी मिलेगी|
केंद्रीय मंत्री ने सहमति जताते हुए राज्य के व्यंजनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है| कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड उत्तर भारत में पर्यटन योग व आस्था का प्रमुख केंद्र है|
बदरीनाथ, केदारनाथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के अलावा सामरिक महत्व को ध्यान रखने हेतु राज्य में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की आवश्यकता है|
