नई दिल्ली:- गणतंत्र दिवस पर नारी शक्ति ने किया शौर्य का प्रदर्शन….. परेड का हिस्सा बनी 16 झांकियां….. राष्ट्रपति ने तिरंगा फहराकर दी बधाई

आज दिनांक 26 जनवरी 2024 को शुक्रवार के दिन देश 75 वा गणतंत्र दिवस मना रहा है। बता दे कि कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया और देशवासियों को बधाई दी। इस अवसर पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे और उन्हें 21 तोपों की सलामी भी दी गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उनके फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रो की आगवानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई। राष्ट्रपति मुर्मू और मुख्य अतिथि पारंपरिक बग्गी से कर्तव्य पथ पर पहुंचे और वहां उन्होंने जनता का अभिवादन स्वीकार किया। भारतीय वाद्य यंत्रों के साथ आवाहन समूह ने 90 मिनट तक चलने वाली परेड की शुरुआत की। बता दे कि आवाहन समूह में 100 से अधिक महिला कलाकार विभिन्न ताल वाद्य यंत्र बजाते हुए शामिल रही और ऐसा पहली बार हुआ जब आवाहन समूह ने वाद्य यंत्रों के साथ परेड की शुरुआत करी। वही दुनिया की एकमात्र घुड़सवार रेजीमेंट ने गणतंत्र दिवस परेड की अगवाई की तथा पहली बार कर्तव्य पथ पर तीनों सेनाओ से महिलाओं की एक टुकड़ी भी परेड में शामिल हुई। परेड का नेतृत्व सैन्य पुलिस की कैप्टन संध्या द्वारा किया गया। परेड में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 16 झांकियां शामिल रही।