खेलों में धनवर्षा -: उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर

देहरादून| उत्तराखंड में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने खेल पुरस्कारों की राशि में भारी इजाफा कर दिया है| खेल विभाग के द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, पुरस्कार राशि में 30 से 100% तक का इजाफा किया गया है| खेल विभाग के निदेशक जितेंद्र सोनकर की ओर से यह आदेश जारी हुआ है|


इस आदेश के अनुसार विश्व कप और विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता प्रदेश के खिलाड़ियों को 30 लाख, रजत पदक विजेता को 20 लाख , कांस्य पदक विजेता को 15 लाख और प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी को साढ़े सात लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा| साथ ही राष्ट्रमंडल खेल, एशियन चैंपियनशिप, कॉमनवेल्थ के साथ ही अन्य अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार की राशि बढ़ा दी गई है| जूनियर और सब जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है| ओलंपिक, विश्व कप, एशियन खेल और राष्ट्रमंडल खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को चयन के बाद 20% राशि पहले ही दे दी जाएगी|