टीवी शो इंडियन आइडल के मंच पर पहुंचे सिलक्यारा सुरंग में फंसे मजदूर….. संघर्ष बयां कर हुए भावुक

उत्तराखंड राज्य के सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमवीरों ने वहां पर कैसे पल गुजारे इस संघर्ष को टीवी शो में बयां किया। बता दे कि टीवी शो इंडियन आइडल के मंच पर सुरंग के भीतर बिताए उन दिनों को उन्होंने जनता के सामने बया किया।

इस दौरान उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी गब्बर सिंह नेगी ने बताया कि वह किस तरह सुरंग में फंसे अपने साथियों को हिम्मत बंधाते रहे। गब्बर सिंह और उनके साथियों की आपबीती सुनकर शो में उपस्थित निर्णायक मंडल के सदस्य व अन्य लोग भी भावुक हो गए। बता दे कि शनिवार को प्रसारित इंडियन आइडल के एपिसोड में इन श्रमिकों को आमंत्रित किया गया था और शो के दौरान सभी 41 श्रम वीरों को मंच पर बुलाया गया जहां गायक कुमार सानू ने एक-एक कर उनका परिचय प्राप्त किया और उनके संघर्ष की सराहना की तथा पूरे देश को उनके धैर्य व साहस से अवगत कराया। इस दौरान गब्बर सिंह नेगी ने अपने संघर्ष को बयां किया। उन्होंने बताया कि सुबह जब वह सुरंग से निकलने की तैयारी कर रहे थे तभी कुछ गिरने की आवाज आई। वह अपने दो साथियों के साथ भूस्खलन क्षेत्र में पहुंचे तो दृश्य देखकर घबरा गए लेकिन उन्होंने अपना डर साथियों को महसूस नहीं होने दिया और ना ही उनका हौसला टूटने दिया। वह अकेले छुप-छुप कर रोते थे लेकिन हमेशा अपने साथियों को हिम्मत बंधाते थे। उन्होंने बताया कि भोजन की आपूर्ति शुरू होने से पहले उन्होंने और उनके साथियों ने मूंगफली व केले के छिलके से पेट भरा तथा सुरंग के ऊपर से टपकते पानी का उपयोग किया। उनके संघर्ष को सुनकर शो में उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गई।