जरूरी अपडेट -: विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने से छूटे छात्रों के लिए फिर खोली ऑनलाइन पंजीकरण की विंडो

उत्तराखंड के तीन विश्वविद्यालयों व इनसे संबद्ध कॉलेजों में स्नातक प्रवेश के लिए सरकार ने ऑफलाइन दाखिलों के बाद अब समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की विंडो भी 1 सप्ताह के लिए फिर खोल दी है| इसका आदेश बीते दिवस अपर सचिव प्रशांत आर्य ने जारी कर दिया है|


आदेश के अनुसार, समर्थ पोर्टल पर पूर्व में पंजीकरण न करा पाने वाले छात्रों के लिए 21 जुलाई को ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई थी| अब छात्रहित में इसी आदेश को संशोधित करते हुए ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा 1 सप्ताह के लिए दोबारा शुरू की गई है| साथ ही शैक्षिक सत्र 2023-24 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय कर दी गई है| विश्वविद्यालयों-कॉलेजों को निर्देश दिए गए हैं कि वह इस तिथि तक हर हाल में अपने सभी दाखिले पूरे कर लें|
दरअसल, श्री देव सुमन विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा विश्वविद्यालय, कुमाऊं विश्वविद्यालय व इनसे संबंधित सभी सरकारी, निजी कॉलेजों में स्नातक दाखिले के लिए इस साल सरकार ने समर्थ पोर्टल से प्रक्रिया शुरू की है| कॉलेजों ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी दे दी|