
नैनीताल| नैनीझील में नौकायन का लुत्फ़ लेने वाले सैलानियों समेत स्थानीय लोगों को अब नौकायन करने के लिए दोगुनी धनराशि देनी पड़ेगी|
अब झील के पूरे चक्कर 420 और आधे चक्कर के 320 रुपये देने होंगे| यह बढ़ोतरी 10 वर्ष बाद की गई है|
बताते चलें कि नैनीताल नगर के मुख्य आकर्षण का केंद्र नैनीझील आने वाले पर्यटक नैनीझील में नौकायन जरूर करते हैं| बीते 10 वर्षों से नौकायन की दरें नहीं बढ़ी है| पालिका की ओर से 10 वर्ष पहले झील के पूरे चक्कर का 210 और आधे चक्कर का 107 रुपए किराया निर्धारित किया गया| बीते कुछ वर्षों से संगठन की ओर से किराया बढ़ाने की मांग की जा रही थी लेकिन विरोध के चलते दरें नहीं बढ़ सकी|
पिछले दिनों हुई बैठक में इसका प्रस्ताव रखा गया| जिसे स्वीकार भी कर लिया गया| पालिका के प्रस्ताव के क्रम में किराया दोगुना कर दिया गया है|
पालिका के ईओ आलोक उनियाल के अनुसार, किराए का गजट नोटिफिकेशन किया जा चुका है| पालिका की ओर से लाइसेंस शुल्क भी 1000 से बढ़ाकर 2000 कर दिया गया है| इससे पालिका की करीब 12 से 15 लाख रुपए की आय होगी|
