
2024 में गणतंत्र दिवस पर महिला सशक्तिकरण का नया इतिहास रचा जाएगा| अगले साल गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली परेड में सभी कार्यक्रमों में सिर्फ महिलाओं की ही भागीदारी होगी| परेड, मार्चिंग, दस्ता, झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सिर्फ महिलाएं ही नजर आएंगी| यह कदम सरकार ने लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए लिया है|
जानकारी मिली है कि इस आशय का फैसला 7 फरवरी को रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान लिया गया| इस बैठक में सेना, नौसेना, वायुसेना के अलावा गृह, शिक्षा, संस्कृति, आवास एवं शहरी मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया| इस दौरान गणतंत्र दिवस परेड में सिर्फ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है| जिसके बाद रक्षा मंत्रालय ने सशस्त्र बल और परेड से जुड़े सभी सरकारी विभागों को 1 मार्च को इस निर्णय की जानकारी दी है| पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि मार्च करने वाली टुकड़ियों, सैन्य बैंड और झांकी में सिर्फ महिलाएं हों| जिसके लिए अभी से तैयारियां शुरू करने और इसे मंत्रालय से साझा करने के लिए कहा गया है| साथ ही संबंधित मंत्रालयों को भी निर्णय के बारे में सूचित किया गया है|
